नगर निगम के पास से गुजर रही नहर को कवर करने के लिए जीबी पंत विश्वविद्यालय डिजाइन तैयार करेगा। सोमवार को विश्वविद्यालय के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर एसके कटारिया ने सिंचाई विभाग के इंजीनियरों के साथ नहर का सर्वे किया।
सिंचाई विभाग के अधिकारियों के मुताबिक नहर कवरिंग का काम आधुनिक तकनीक के साथ किया जाना है। क्योंकि इससे काफी ट्रैफिक गुजरेगा और लोनिवि की सड़क को भी लेवल में लेकर आना है। इसलिए जीबी पंत विश्वविद्यालय की मदद ली जा रही है। करीब 8 से 10 दिन में यह डिजाइन मिलने की बात कही जा रही है। इसके बाद बजट का आकलन कर टेंडर लगाए जाएंगे। सिंचाई विभाग नवरात्र में नहर कवरिंग के लिए टेंडर आमंत्रित करने की योजना बना रहा है। इस काम के लिए सिंचाई विभाग को लोनिवि ने करीब 642 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। हालांकि नहर कवरिंग के बाद यहां सड़क का काम लोनिवि द्वारा ही किया जाना है। इस मौके पर सिंचाई विभाग के ईई तरुण बंसल, पार्षद रवि जोशी, सहायक अभियंता एनसी पांडे, अपर सहायक अभियंता मनोज तिवारी, सुभाष जोशी आदि मौजूद रहे।